मेरठ। मेरठ में मेडिकल थानाक्षेत्र के जागृति विहार सेक्टर आठ स्थित गोल मार्केट के पीछे बाथरूम में गैस गीजर में रिसाव हो गया, जिससे निकली गैस से बाथरूम में नहाते समय दुल्हन की दम घुटने से मौत हो गई। पुलिस को घटना की जानकारी नहीं दी गई है। जागृति विहार के सेक्टर आठ निवासी पारस कुमार एक कंपनी में इंजीनियर हैं। उनके पिता सेना से रिटायर्ड हैं।

गाजियाबाद की वैशाली से हुई थी शादी

पारस की शादी गाजियाबाद की रहने वाली वैशाली से हुई थी। गुरुवार को शादी हुई थी। शुक्रवार को दुल्हन लेकर परिवार के लोग घर आए थे। शनिवार को घर पर भजन संध्या का प्रोग्राम था। सुबह दस बजे वैशाली बाथरूम में नहाने के लिए गई थी। काफी देर बाद भी बाथरूम से बाहर नहीं आई। परिवार की महिलाएं पूजा के लिए वैशाली का इंतजार कर रही थीं। बीस मिनट बाद महिलाओं ने बाथरूम का दरवाजा खटखटाया लेकिन अंदर से कोई आवाज नहीं आई। इसके बाद परिवार के सदस्यों ने बाथरूम का दरवाजा तोड़ दिया।

वैशाली की मौत ने सभी को झकझोरा

बाथरूम के एक कोने में वैशाली सीधे बैठी हुई थी। तत्काल ही फूलों से सजी कार से वैशाली को आनंद अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिवार के सदस्य शव लेकर घर आ गए।

जागृति विहार स्थित इस घर में हुआ गैस गीजर से हादसा

पारस के घर में शादी की खुशियां 24 घंटे में ही मातम में बदल गईं। कुछ समय पहले यहां गीत-संगीत के शोर थे लेकिन देखते ही देखते सन्नाटा पसर गया। शुक्रवार सुबह जिस घर में वैशाली अरमानों की डोली में सवार होकर पहुंची थी, 24 घंटे बाद उसी घर में उसकी अर्थी सज रही थी। वैशाली हमेशा-हमेशा के लिए ससुराल और मायके वालों को अलविदा कहकर चली गई।

घर पर जुट गई भीड़

जागृति विहार में गैस गीजर में रिसाव के चलते दुल्हन की मौत की घटना के बाद घर पर भीड़ जुट गई। परिवार वालों का रुदन सुन सबकी आंखें फफक उठीं। पारस और वैशाली की शादी के बाद परिवार वाले और रिश्तेदार अभी घर पर ही मौजूद थे, क्योंकि शादी के बाद शनिवार को पहली पूजा रखी थी। शादी वाले घर में हर तरफ खुशियां थीं लेकिन अचानक ऐसा तूफान आया कि पूरा परिवार गम में डूब गया। जैसे ही हादसे की जानकारी मिली, लोग पारस के घर सांत्वना देने पहुंचने लगे। देर शाम तक घर पर जान-पहचान वालों और रिश्तेदारों की भीड़ उमड़ी थी।

बेटे की खुशियां गम में बदलीं

पारस परिवार में छोटा है। सेना से रिटायर्ड पिता भी बेटे की शादी की खुशियां मना रहे थे लेकिन अचानक हुई अनहोनी के बाद पूरा परिवार टूट गया। जैसे वैशाली का शव अस्पताल से घर पर पहुंचा, कोहराम मच गया। तत्काल ही दुल्हन के परिवार वालों को हादसे की जानकारी दी गई। बेटी के शव से लिपटकर रो पड़े स्वजन: शादी के बाद पहली बार बेटी के ससुराल पहुंचे परिवार के लोग भी शव से लिपट कर रो रहे थे। वे बार-बार यही कह रहे थे कि-अचानक ऐसा भी हो जाएगा, उन्होंने सपने में भी नहीं सोचा था। अगर उन्हें ऐसे हादसे का पता होता तो बेटी की शादी ही नहीं करते।

गीजर प्रयोग करते समय रखें ध्यान

बाजार में चार अलग-अलग तरह के गीजर उपलब्ध है, जिसमें इलेक्ट्रिक वाटर गीजर, इंस्टेंट वाटर गीजर, स्टोरेज गीजर, गैस गीजर शामिल हैं। गीजर के प्रयोग को लेकर सुरक्षा, सावधानियां और रखरखाव अलग-अलग होते हैं। कई बार गीजर के इस्तेमाल में हुई लापरवाही आपके लिए जानलेवा साबित हो सकती है। ऐसे में सतर्कता के साथ गीजर का प्रयोग करना अधिक जरूरी है।

इन बातों का रखें ध्यान

  • गीजर का इस्तेमाल करें तो एक सही तापमान सेट रखें।
  • गीजर का तापमान 45-40 डिग्री के बीच रखना चाहिए।
  • समय-समय पर अपने गीजर का तापमान चेक करते रहे।
  • घर के जिस भी हिस्से में गीजर लगवा रहे हैं, वेंटिलेशन का पूरा ध्यान रखें।
  • बाथरूम या गीजर वाली जगह से पेट्रोल, डीजल या माचिस दूर रखें।
  • गीजर का प्रयोग करते समय ज्यादा देर तक आन न रखें।
  • गीजर से गर्म पानी निकाले समय हमेशा स्वीच आफ ही रखें।
  • ठंड आते पर गीजर का बिना सर्विसिंग उपयोग न करें।
  • घर में गीजर लगवाना हो तो हमेशा प्रोफेशनल से ही लगवाएं।

अचानक कैसे हुआ गैस रिसाव

परिवार के लोग भी गैस रिसाव के बारे में समझ नहीं पा रहे हैं। पारस के बड़े भाई ने बताया कि गैस गीजर कभी खराब नहीं हुआ। शनिवार को अचानक गीजर से रिसाव होना उनकी भी समझ से परे है। वैशाली बाथरूम के एक कोने में बैठी मिली। उसके हाथ-पैर पूरी तरह अकड़ चुके थे। इन हालात में परिवार के लोग फिलहाल गैस गीजर रिसाव से ही मौत होना मान रहे हैं। हालांकि परिवार वालों ने हादसे की जानकारी पुलिस को नहीं दी है। इंस्पेक्टर दिनेश उपाध्याय ने बताया कि उनके पास गैस गीजर से मौत की घटना की कोई सूचना नहीं आई है। दुल्हन के मायके वालों ने भी कोई सूचना नहीं दी।

"
""
""
""
""
"

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *