उत्तरकाशी।  उत्तरकाशी जनपद में यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर ब्रह्मखाल के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर 500 मीटर गहरी खाई में गिर गई। इसमें सवार पांच लोगों की मौत हो गई। एक अन्‍य गंभीर रूप से घायल है। मृतकों में तीन पुरुष और 2 महिलाएं शामिल हैं, सभी स्‍थानीय निवासी हैं। उत्‍तराखंड में 24 घंटे के अंतराल में यह दूसरी बड़ी सड़क दुर्घटना है। छह महीने के अंतराल में यह चौथी घटना है। इनमें 77 की मौत हो चुकी है।

उत्‍तरकाशी से बड़कोट जा रही थी कार

जानकारी के अनुसार, यह कार उत्तरकाशी से बड़कोट की ओर जा रही थी। इस दौरान यमुनोत्री हाईवे पर ब्रह्मखाल के पास कार अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।

मरने वालों में 3 पुरुष और 2 महिलाएं शामिल

इस सड़क हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है। मरने वालों में तीन पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। वहीं, एक मह‍िला गंभीर घायल हो गई है। उसे उत्तरकाशी जिला चिकित्सालय लाया जा रहा है।

ओवरस्‍पीड बताई जा रही है हादसे की वजह

यह घटना ओवरस्पीड के कारण बताई जा रही है। जिस स्थान पर घटना हुई है उस स्थान पर सड़क काफी चौड़ी है और आलवेदर के तहत उस स्थान पर निर्माण हुआ है।

ऋषिकेश में गूलर पुल से नीचे गिरी एक कार

आज शनिवार सुबह दिल्ली से बदरीनाथ दर्शन के लिए जा रहे एक परिवार की कार गूलर पुल के पास हादसे का शिकार हो गई। कार अनियंत्रित होकर पुल से नीचे गिर गई। इस हादसे में कार सवार दंपती और उनका तीन साल का पुत्र घायल हो गया। एसडीआरएफ ने सभी घायलों को चिकित्सालय पहुंचाया।

शुक्रवार को चमोली में हुआ था दर्दनाक सड़क हादसा

बीते रोज चमोली जनपद के जोशीमठ ब्‍लाक में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया था। एक टाटा सूमो वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया था। इस हादसे में 12 लोगों की मौके पर मौत हो गई थी, जबकि तीन लोग गभीर घायल हो गए थे। वहीं, दो लोगों ने कूद कर अपनी जान बचाई थी।

"
""
""
""
""
"

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *